सतना। मध्य प्रदेश के सतना शहर में कुछ अराजक तत्वों ने प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की है। हाथ में भगवा झंडा लिये बदमाशों ने बीच चौराहे पर नेहरू की प्रतिमा पर लाठी डंडे से हमला किया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



ये वीडियो मंगलवार की शाम का बताया जा रहा है। इसमें कुछ अराजक तत्व प्रतिमा के स्टैंड पर भी चढ़ कर डंडे और हथौड़े मारते नजर आ रहे हैं। घटना संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर से कुछ दूर स्थित धवारी चौराहे की बताई जा रही है। इसका वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 





कांग्रेस ने इस घटना के दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा है कि, 'ये घटना बेहद निंदनीय है। मैं सरकार से मांग करता हूं कि इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो, प्रतिमा की सुरक्षा की व्यवस्था हो।'



बवाल बढ़ने के बाद सतना पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णकांत गौतम (22), शुभम शुक्ला (18), सुभाष सिंह (22), विवेक सिंह (18), विशन मांझी (25) और प्रभात बागरी (19) शामिल है।



मामले पर कांग्रेस के दिग्गज नेता व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा है कि, 'वॉट्सअप पर महात्मा गाँधी पं जवाहरलाल नेहरू बाबा साहब अंबेडकर के खिलाफ झूठे पोस्ट डाल कर युवाओं के दिमाग़ में नफ़रत पैदा कर दी है। यह उसी का प्रतिफल है। कॉंग्रेस पार्टी को और सक्रियता के साथ जनता के बीच में जा कर उन्हें वास्तविकताओं से अवगत कराना चाहिए।'