शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में एक पुलिस अधिकारी ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से पत्नी का कत्ल कर दिया। इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या कर ली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना का वजह घरेलू क्लेश बताया जा रहा है। 

जानकारी के मुताबिक 42 वर्षीय हीरा सिंह परस्ते रीवा जिले के पनवार थाना में एसआई थे। हालांकि, उनकी पत्नी रानी सिंह अपने 14 वर्षीय बेटे और 9 वर्षीय बेटी के साथ शहडोल में किराए के मकान में रहती थीं। शहडोल में उनका किराए का मकान पुलिस लाइन के नजदीक ही है।

हीरा सिंह शनिवार दोपहर अपनी बाइक से रीवा से शहडोल आए थे। बताया जा रहा है कि वह थाने से ये कहकर निकले थे कि उनकी पत्नी बीमार है। उन्होंने इसके लिए छुट्टी भी नहीं ली थी। रविवार को रीवा में सीएम के कार्यक्रम में उनकी ड्यूटी भी लगाई गई थी। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे उनका बेटा ट्यूशन पढ़ने गया हुआ था और 9 वर्षीय बेटी टीवी देख रही थी।

इसी दौरान हीरा सिंह ने बेटी को टीवी का वॉल्यूम तेज करने के लिए कहकर दूसरे कमरे में चले गए। तभी पटाखे जैसी तेज आवाज आई। उनकी बेटी ने इसका ध्यान नहीं दिया लेकिन आस-पड़ोस के लोग इकट्ठे हो गए। पड़ोसियों ने बच्ची से माता-पिता के बारे में पूछा तो उसने बंद कमरे की ओर इशारा किया। इस दौरान लोग जब दरवाजा पीटने लगे तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई।

पड़ोस के लोगों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी और शाम करीब 7 बजे कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। कमरे में हीरा सिंह और उनकी पत्नी खून से लथपथ पड़े हुए थे और उनकी मौत हो चुकी थी। पास में उनका सर्विस रिवॉल्वर भी पड़ा था। पुलिस के मुताबिक हीरा सिंह की कनपट्टी पर गोली लगी थी। ऐसे में माना जा रहा है कि उसने पत्नी का कत्ल करने के बाद खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हीरा सिंह मूलत: अनूपपुर जिले के खमरिया गांव के रहने वाले थे। पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है।