जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के पुत्र से मारपीट की घटना सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रह्लाद पटेल के बेटे की टोल कर्मियों ने जमकर पिटाई की। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में टोल कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। 

मामला बहोरी पार टोल नाका बरगी का बताया जा रहा है। दरअसल, केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल के पुत्र प्रबल सिंह पटेल अपने दोस्त दुर्गेश पटेल, शोभित राय, सौरभ चंदोरिया, रवि रजक, अखिलेश यादव सहित अन्य दोस्तों के साथ रिसोर्ट से अलग अलग कारो में जबलपुर तरफ लौट रहें थे। गाड़ी जब बहोरी पार टोल नाके पर पहुँची तो उन्होंने धौंस दिखाते हुए टोल देने से इनकार कर दिया।

इसी बात को लेकर प्रबल पटेल और कर्मचारियों में गाली गलौज शुरू हो गई। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। फिर क्या था टोल कर्मियों ने मंत्री पुत्र और उसके साथियों की जमकर धुनाई की। इस दौरान प्रबल व उनके दोस्त अखिलेश व दुर्गेश पटेल के शरीर पर चोटें आई। पिटाई करने के बाद नाके पर कार्यरत कर्मचारी वहां से भाग निकले। मामले में बरगी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर टोल कर्मियों की तलाश शुरु कर दी है।