मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। सोमवार शाम राजधानी भोपाल में भी मौसम बदला नजर आया। यहां बादल छाए रहे और साथ ही हल्की बारिश दर्ज भी की गई। जबकि, कुछ इलाकों में हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बदलते मौसम को देखते हुए किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, राजगढ़, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर और शिवपुरी जिलों में हल्की बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जिसकी वजह से अचानक मौसम खराब हो सकता है। ऐसे हालात में फसलों और खुले में रखे सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें:CCTV से सावधान हुई सरकार, भारत में चीनी कैमरों पर लगेगी पाबंदी
वहीं, ग्वालियर चंबल अंचल के जिलें जैसे ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुरकलां के लिए तेज आंधी और झंझावात का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में कहीं कहीं हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इसी बीच खरगोन जिले के झिरनिया क्षेत्र में तेज बारिश के साथ चने और बेर के आकार के ओले गिरे। किसान अरविंद जायसवाल के मुताबिक गोराडिया, खो, अपरवेदा और नेमित इलाकों में भी ओलावृष्टि हुई। जिसकी वजह से देरी से बोई गई गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। वहीं,उज्जैन जिले के बड़नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज बारिश के साथ कई जगह ओले गिरने की भी खबर सामने आई है।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर में फर्जी सिम नेटवर्क का पर्दाफाश, एक फोटो पर जारी किए सैकड़ों कनेक्शन, साइबर ठगी की भी आशंका
तापमान की बात करें तो प्रदेश में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। जबकि, न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कई संभागों में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक बना हुआ है। जिसके चलते दिन के समय गर्मी का असर अभी भी महसूस हो रहा है।
मौसम में इस बदलाव के पीछे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, ट्रफ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने को प्रमुख कारण बताया गया है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। हालांकि, अगले चार दिनों तक बड़े बदलाव की संभावना नहीं है लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
यह भी पढ़ें:बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव, CM नीतीश कुमार ने छोड़ा MLC पद, नितिन नबीन ने भी विधायकी से दिया इस्तीफा
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करें और नियमित रूप से मौसम अपडेट पर नजर रखें। वहीं, आम लोगों को तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है।