नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनंदन ने वायुसेना की नौकरी छोड़ दी है। खबर है कि अभिनंदन वर्धमान अब कमर्शियल विमान उड़ाएंगे। वे क्षेत्रीय एयरलाइन Fly91 के साथ पायलट के तौर पर जुड़ गए हैं।

अभिनंदन का सामान्य रिटायरमेंट साल 2037 में होना था, जब वे 54 वर्ष के होते। लेकिन उन्होंने करीब 11 साल पहले ही वायुसेना की नौकरी छोड़ दी है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, उन्होंने 31 मार्च 2026 को वायुसेना छोड़ी और अगस्त में गोवा की प्राइवेट एयरलाइन फ्लाई-91 जॉइन की। करीब दो दशक की सर्विस के बाद अब वे कॉमर्शियल यात्री विमान के पायलट होंगे।

अभिनंदन वायुसेना में MiG-21 फाइटर उड़ाते थे। 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तानी के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने के दौरान उनका विमान मिसाइल की चपेट में आ गया था। हालांकि, वे विमान से इजेक्ट होकर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में उतर गए थे।

इस दौरान PoK में मौजूद पाकिस्तानी आर्मी ने उन्हें पकड़ लिया था। हालांकि, भारत के जबर्दस्त कूटनीतिक दबाव के चलते करीब 60 घंटे बाद, 1 मार्च 2019 को अटारी बॉर्डर के जरिए उनकी वापसी हुई थी। 2021 में उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। 

FLY91 एक क्षेत्रीय एयरलाइन है, जिसने मार्च 2024 में कॉमर्शियल उड़ानें शुरू की थीं। इसका फोकस छोटे शहरों को हवाई सेवा से जोड़ने और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने पर है। एयरलाइन के बेड़े में फिलहाल 6 ATR 72-600 विमान हैं। ये टर्बोप्रॉप विमान कम दूरी की उड़ानों के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं और इनमें करीब 70 यात्री बैठ सकते हैं। FLY91 के दो प्रमुख बेस गोवा और हैदराबाद में हैं। एयरलाइन इन्हीं केंद्रों से अलग-अलग क्षेत्रीय शहरों के बीच उड़ानों का संचालन करती है।