पटना। बिहार में अगली सरकार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की बनेगी - ये भविष्यवाणी बिहार विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल कर रहे हैं। अधिकतर एग्जिट पोल्स में नीतीश कुमार की अगुवाई वाले एनडीए को पीछे दिखाया गया है। अगर सोमवार को चुनाव के नतीजे वैसे ही आए जैसे एग्जिट पोल दिखा रहा है, तो नीतीश कुमार इस बार सत्ता में वापसी नहीं कर पाएंगे। खास बात ये है कि एग्जिट पोल के नतीजों में तेजस्वी यादव नीतीश कुमार से काफी आगे चल रहे हैं।

एबीपी न्यूज के मुताबिक महागठबंधन आगे

एबीपी न्यूज के एग्जिट पोल्स के मुताबिक एनडीए पर महागठबंधन बिहार में भारी पड़ रहा है। सर्वे के मुताबिक एनडीए को 104 से 128 सीटें आ सकती है वहीं महागठबंधन की बात करें तो अनुमान 108 से 131 सीटें मिलने का है। इस सर्वे में मुकेश साहनी की पार्टी वीआईपी को 0-4 सीटें, हम को भी 0-4 सीटें वहीं लेफ्ट के खाते में 6-13 सीटें जाती दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि लोजपा को सिर्फ 1 से 3 सीटें मिलने की बात कही गई है।

वोट प्रतिशत की बात करें तो एनडीए को 37.7 फीसदी, महागठबंधन को 36.3 फीसदी वहीं लोजपा के खाते में 8 फीसदी वोट जाते दिख रही है। यहां खास बात यह है कि एनडीए गठबंधन वोट प्रतिशत में महागठबंधन से आगे है। 

टाइम्स नाउ के मुताबिक भी महागठबंधन आगे

टाइम्स नाउ-सी वोटर सर्वे ने भी महागठबंधन को एनडीए के ऊपर भारी बताया है। सर्वे के मुताबिक एनडीए को 116 सीटें, महागठबंधन को 120 सीटें वहीं एलजेपी को 1 से 6 सीटें मिलने की बात कही गई है। खास बात यह है कि टाइम्स नाउ ने किसी को भी पूर्ण बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंचाया है।

रिपब्लिक ने भी बनाई महागठबंधन की सरकार

रिपब्लिक टीवी जन की बात एग्जिट पोल ने महागठबंधन को पूर्ण बहुमत मिलने की उम्मीद जताई है। सर्वे के मुताबिक महागठबंधन 118 से 138 सीटों के साथ बिहार में सरकार बनाएगी। रिपब्लिक ने एनडीए को 91 से 117 सीटें दी है। इस पोल में एलजेपी को 5 से 8 सीट मिलने की उम्मीद जताई गई है वहीं अन्य के खाते में 3 से 6 सीट है।

टीवी-9 एग्जिट पोल के मुताबिक महागठबंधन को बढ़त

टीवी-9 भारतवर्ष के एग्जिट पोल की बात करें तो एनडीए को 110-120 सीटें मिलने की उम्मीद है। वहीं महागठबंधन को 115-125 सीटें मिलती दिखाई दे रही है। टीवी-9 ने अपने सर्वे में एलजेपी को 3 से 5 और अन्य को 10 से 15 सीटें मिलने की उम्मीद जताई है।

न्यूज 24 सी वोटर्स के मुताबिक कांटे की टक्कर

न्यूज 24 सी वोटर्स सर्वे के मुताबिक महागठबंधन को एनडीए से ज्यादा सीट तो मिल रही है लेकिन पूर्ण बहुमत किसी को नहीं मिली है। इस सर्वे में महागठबंधन के खाते में 120 वहीं एनडीए के खाते में 116 सीटें जाती दिख रही है। चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी को न्यूज 24 सी वोटर्स ने सिर्फ 1 सीट दी है वहीं अन्य के खाते में 6 सीटें जा सकती है।

सभी एग्जिट पोल्स को देखते हुए यह निष्कर्ष निकाला जा रहा है कि बिहार में सरकार किसी की भी बन सकती है। हालांकि, सरकार बनने के बाद भी काफी उठा-पटक देखने को मिल सकता है। बता दें कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों में किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए कम से कम 122 सीटें चाहिए। वहीं दोनो गठबंधन को बहुमत के जादुई आंकड़ों के काफी करीब दिखाया जा रहा है। ऐसे में छोटे दलों का समर्थन बेहद अहम हो सकता है।