नई दिल्ली। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) सोमवार को जंतर-मंतर से संसद तक 'चलो संसद' मार्च निकाल रही है। इससे पहले सुबह 10 बजे पुलिस ने सोमवार को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। इससे कई लोगों को चोटें आई हैं और कई लोगों के सिर भी फूट गए हैं। हालांकि, पुलिस ने इससे इनकार किया है।

प्रदर्शन को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली के कुछ हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया है। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से संसद की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान राजीव चौक और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन में प्रदर्शनकारी घुस गए। कई लोग बैरिकेडिंग तोड़कर पार्लियामेंट थाने तक पहुंच गए हैं। इसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।

जंतर-मंतर से संसद के रास्ते में दो किमी के रास्ते में प्रदर्शनकारी ही दिखाई दे रहे हैं। उधर, सोनम वांगचुक ने सफदरजंग अस्पताल को पत्र लिखकर कहा कि संसद मार्च में जाना है, मुझे डिस्चार्ज करें। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर 2 घंटे में सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर नहीं भेजा तो वे संसद मार्च के लिए निकल जाएंगे। सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका जेपी नड्डा से मिलने के लिए पहुंचे हैं।

समाजवादी पार्टी के सांसदों ने संसद से जंतर-मंतर तक मार्च शुरू किया है। सांसद डिंपल यादव का कहना है 'देश में हालात ऐसे हैं कि युवा अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन सरकार न तो उनकी बात सुनने को तैयार है और न ही बातचीत करने को। छात्रों ने बार-बार यह बात कही है और सोनम वांगचुक ने भी सरकार से बातचीत शुरू करने की अपील की है। लेकिन सरकार इतनी अड़ियल और असंवेदनशील है कि वह किसी और की बात सुनने को तैयार नहीं है। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है हम छात्रों के साथ खड़े हैं और हम जंतर-मंतर तक मार्च करने जा रहे है।

किसान संगठनों ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट को समर्थन देने का ऐलान किया है। किसान संगठनों ने आज दिल्ली कूच करने का ऐलान किया था। इसको लेकर सिंघु बॉर्डर पर चौकसी बढ़ा दी गई है। सुबह से ही बड़ी संख्या में हरियाणा पुलिस के जवान बॉर्डर पर तैनात है और चप्पे- चप्पे की कड़ी निगरानी की जा रही है। हरियाणा पुलिस के जवान बड़ी संख्या में यहां पर तैनात है और पास में ही एक परमानेंट चेकिंग पॉइंट बनाया गया है।