नई दिल्ली। कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी ने AICC मुख्यालय में मीडिया की मौजूदगी में कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस ने इसे न्यायपत्र का नाम दिया है।





पवन खेड़ा ने कार्यक्रम के संचालन के दौरान बताया कि पी चिदंबरम ने इसे मूर्त रूप दिया है। चिदंबरम ही कांग्रेस की घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सभी नेताओं ने न्याय पत्र जारी करते हुए की। जिसमें सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, पी चिदंबरम  और केसी वेणुगोपाल मंच पर मौजूद रहे। 





कांग्रेस की भविष्यवाणी सही साबित हुई : चिदंबरम 



चिदंबरम ने कहा कि 2019 में कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी के सत्ता में वापसी के खतरे से आगाह करते हुए जो भविष्यवाणी की थी वो सही साबित हुई। संस्थाओं पर आक्रमण किया गया। आज़ादी को सीमित किया गया। कई संस्थान पहले ही भारत को इलेक्टोरल ऑटोक्रेसी घोषित कर चुके हैं। कांग्रेस के इस न्यायपत्र में बीजेपी द्वारा पहुंचाए गए आघात से निपटने का प्रयास मौजूद है। 



23 करोड़ भारतीयों को गरीबी से बाहर निकालेगी कांग्रेस 



कांग्रेस के इस न्यायपत्र के तीन सूत्र हैं, जिसमें वर्क, वेल्थ और वेलफेयर शामिल हैं। लोगों को नौकरियां मुहैया कराना और आर्थिक स्थिति को बेहतर करना कांग्रेस का उद्देश्य है। चिदंबरम ने कहा कि वेल्थ क्रिएट करने से कांग्रेस का उद्देश्य भारत के विकास दर को बढ़ाना है। चिदंबरम ने कहा कि वेलफेयर से कांग्रेस का उद्देश्य लोगों को गरीबी से हटन है और जैसा कि यूपीए की सरकार ने गरीबों से लोगों को हटाया था वैसा ही हमारा वादा है कि अगर केंद्र में कांग्रेस या उसके नेतृत्व वाली सरकार आई तो हम अगले 10 वर्षों में 23 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालेंगे। 



पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर कसेगी नकेल 



पार्टी छोड़कर अन्य दलों में जाने वाले नेताओं पर नकेल कसने के लिए एंटी डिफेक्शन लॉ को लेकर भी कांग्रेस ने अपना रुख स्पष्ट किया है। चिदंबरम ने कहा कि हम कानून में संशोधन करेंगे और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पार्टी छोड़ते ही वह नेता अयोग्य करार हो जाए। 



हमारा घोषणापत्र गरीबों को समर्पित : खड़गे 



कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस का यह घोषणा पत्र गरीबों को समर्पित है। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र व्यापक जनभागीदारी के बाद तैयार किया गया है। इस घोषणापत्र को न्यायिक दस्तावेज के तौर पर याद किया जाएगा। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के न्यायपत्र के कुल पांच स्तंभ हैं, जिसमें युवा न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय, श्रमिक न्याय और हिस्सेदारी न्याय शामिल हैं। इन पांच स्तंभों से कुल 25 गारंटी हैं। 



युवा न्याय - युवाओं को अप्रेंटिसशिप के लिए एक लाख रुपए दिए जाएंगे। 



नारी न्याय - गरीब परिवार की महिलाओं को सलाना एक लाख की मदद।



किसान न्याय - किसानों की कर्ज़ माफी और एमएसपी के कानून की गारंटी। 



श्रमिक न्याय - मनरेगा मजदूरों को कम से कम प्रतिदिन 400 रूपए का भुगतान। 



हिस्सेदारी न्याय - सभी वर्गों की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए जातीय जनगणना होगी। आरक्षण की 50 फीसदी सीमा को समाप्त किया जाएगा। 



रक्षा न्याय - देशों से संबंध सुधारने और कांग्रेस की विदेश नीति को दोबारा लागू करने का उद्देश्य ताकि बीजेपी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पैदा की गई मुश्किल का समाधान निकाला जा सके। 



खड़गे ने कहा कि इसके अलावा कांग्रेस PMLA कानून को संशोधित करेगी और जांच एजेंसियों का दुरुपयोग रोकेगी। इसके अलावा सच्चर कमेटी की सिफारिशों को लागू करने का वादा किया है। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों तक कांग्रेस की गारंटी पहुंचाने का आह्वान किया। कांग्रेस के कार्यकर्ता अगले कुछ सप्ताह आठ करोड़ परिवारों तक कांग्रेस का गारंटी कार्ड पहुंचाएंगे। इन गारंटी कार्ड को 14 अलग अलग भाषाओं में छापा गया है। 



हम यह सुनिश्चित करेंगे कि देश सिर्फ़ दो या तीन लोग ना चलाएं : राहुल गांधी 



राहुल गांधी ने कहा कि यह चुनाव देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। एक तरफ एनडीए और नरेंद्र मोदी हैं जो लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं। तो दूसरी तरफ़ इंडिया गठबंधन है जो संविधान को बचाना चाहता है। यह चुनाव फंडामेंटल तौर पर एक अलग चुनाव है। अगर हमारी सरकार आएगी तो हम यह सुनिश्चित करेंगे कि देश सिर्फ़ दो या तीन लोग ना चलाएं बल्कि देश की सत्ता देश की जनता के हाथों में हो। हमारी यह कोशिश होगी कि दो तीन उद्योग घरानों को फायदा पहुंचाने के बजाय उनके बीच प्रतिस्पर्धा हो। 



राहुल गांधी ने इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर भी बीजेपी पर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने ईडी, सीबीआई और आईटी का दुरुपयोग करते हुए उगाही का धंधा चलाया। हमारे बैंक अकाउंट बंद कर दिए गए। हमारा घोषणापत्र कांग्रेस ने नहीं बल्कि हिंदुस्तान की जनता ने बनाया है। हमने सिर्फ़ इसे लिखा है।