नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र का आज तीसरा दिन है। कांग्रेस के सांसद आज काले कपड़े पहनकर सदन में प्रदर्शन कर रहे हैं। आज भी संसद शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया जिसके चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित हो गई। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, मनोज झा समेत तमाम विपक्षी दलों के सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे हैं।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे साथ जो हुआ, वह अहम नहीं है। आप (मीडिया) मुझे बताएं कि छात्रों के साथ जो हुआ, वह सही है या गलत? छात्रों की मांगें जायज़ हैं और वे अपने हक की बात कर रहे हैं। शिक्षा का बजट 1.4 लाख करोड़ रुपये है, लेकिन आप अडानी और अंबानी का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज़ माफ़ कर रहे हैं। छात्रों का संघर्ष जायज़ है और वे बदलाव चाहते हैं। बार-बार पेपर लीक हो रहे हैं... शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में कुछ भी अलोकतांत्रिक नहीं है, लेकिन छात्रों और संसद में जो हो रहा है, वह अलोकतांत्रिक है।"

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पहले इस्तीफा देना होगा उसके बाद चर्चा होगी। छात्रों पर लाठीचार्ज की चर्चा होगी। धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही होगा। खेड़ा ने कहा कि हमारे सभी सांसद विरोध जताने के लिए काले कपड़े में हैं। यह विरोध इस बात के लिए है कि उन्होंने दिल्ली में देश के छात्रों के साथ क्या किया है, धर्मेंद्र प्रधान के अपने पद पर बने रहने की ज़िद के ख़िलाफ़ है, और छात्रों के असंतोष पर सरकार के रवैये के ख़िलाफ़ है। इसलिए, विरोध के तौर पर हमारे सभी सांसद आज काले कपड़े पहन रहे हैं।

इससे पहले राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खगड़े के कक्ष में विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई। बैठक में संसद की रणनीति और मौजूदा राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई। उधर, सुरक्षा कारणों का हवाला देकर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। DMRC के अनुसार, इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी। हालांकि, राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी।