नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश सरकार में मंत्री गौतम रेड्डी का निधन हो गया है। सोमवार सुबह सुबह दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। गौतम रेड्डी महज़ 50 वर्ष के थे। 

मेकापति गौतम रेड्डी आंध्र प्रदेश की जगन मोहन रेड्डी सरकार में उद्योग मंत्री थे। इसके साथ ही वे आईटी मंत्री का कार्यभार संभाल रहे थे। गौतम रेड्डी अपनी फिटनेस को लेकर भी काफी सजग रहते थे। उनके अचानक निधन से हर कोई स्तब्ध है।

गौतम रेड्डी आंध्र प्रदेश के नेल्लोर ज़िले के आत्मकुरु विधानसभा सीट से विधायक थे। वे 2014 और 2019 में लगातार दो बार इसी सीट से निर्वाचित हुए थे। 2019 में विधायक चुने जाने के बाद उन्हें जगन मोहन रेड्डी सरकार में मंत्री बनाया गया था। 

पिछले हफ्ते ही गौतम रेड्डी ने अबू धाबी का दौरा किया था। जहां उन्होंने आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित ऑटो एक्सपो कार्यक्रम में शिरकत की थी। गौतम रेड्डी पूर्व सांसद मेकापती राजमोहन रेड्डी के बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।