लखनऊ। देश भर में कोरोना का कहर लगातार जारी है। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से दिग्गज खिलाड़ी भारत के पूर्व हॉकी प्लेयर रविंदर पाल सिंह का 65 वर्ष की आयु में कोरोना से निधन हो गया है। बताया जा रहा है रविंदर पाल सिंह दो हफ्ते से कोरोना बीमारी से जंग लड़ रहे थे। शनिवार सुबह रविंदर पाल सिंह ने लखनऊ विवेकानंद अस्पताल में अंतिम सांस ली।
परिजनों ने बताया कि कोरोना से जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहे भारत के पूर्व हॉकी खिलाड़ी रविंदर पाल सिंह को 24 अप्रैल को लखनऊ के विवेकानंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि वे कोरोना से उबर चुके थे और उन्हें गुरुवार को नॉन कोविड वॉर्ड में शिफ्ट भी कर दिया गया था। लेकिन, शुक्रवार को उनकी तबीयत फिर से अचानक खराब हुई, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया।
रविंदर पाल सिंह के निधन पर देश के खेल मंत्री किरन रिजिजू ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि "आज भारत ने 1980 में मास्को ओलिंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले एक बेशकीमती सदस्य को खो दिया है। भारतीय खेलों में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।"
I'm deeply saddened to learn that Shri Ravinder Pal Singh ji has lost the battle to Covid19. With his passing away India loses a golden member of the hockey team that won Gold in the 1980 Moscow Olympics. His contribution to Indian sports will always be remembered. Om Shanti
गौरतलब है कि रविंदर पाल सिंह सन 1980 ओलिंपिक में गोल्ड जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे हैं। रविंदर पाल सिंह ने 1984 के लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व किया था। उसके पहले उन्होंने 1979 में हॉकी का जूनियर वर्ल्ड कप भी खेला था। सीतापुर में जन्में और सेंटर हाफ पोजिशन से खेलने वाले भारतीय हॉकी प्लेयर ने ओलिंपिक के अलावा चैंपियंस ट्रॉफी, सिल्वर जुबली 10 नेशन कप, 1982 के वर्ल्ड कप और 1982 के एशिया कप जैसे बड़े हॉकी टूर्नामेंट में भी शिरकत किया।