भोपाल। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर भोपाल में सीलिंग की कार्रवाई चल रही है। इस कार्रवाई की वजह से शहर के लाखों लोगों की रोजी रोटी पर संकट है। सीलिंग के विरोध में लगातार व्यापारी प्रदर्शन कर रहे हैं। इसे लेकर नगर प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि हम व्यापारियों को नुकसान नहीं होने देंगे।

नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि एमपी में सीलिंग का कोई विषय नहीं है, सिर्फ भोपाल में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई चल रही है। इसलिए यहां विरोध है। इसे लेकर सरकार बहुत चिंतित है। उन्होंने कहा कि हमारा पूरा विभाग अभी दिल्ली में है। इस मामले में उच्चतम वकीलों के साथ चर्चा की जाएगी और कोई न कोई ऐसा रास्ता निकाला जाएगा, जिससे भोपाल के लोगों को कोई नुकसान ना हो।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने माना कि सीलिंग की कार्रवाई से पूरे भोपाल के व्यापारी परेशान हो रहे हैं। मंत्री ने कहा कि भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर भी चर्चा चल रही है। इस पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। सीलिंग कार्रवाई के बीच मास्टर प्लान को लेकर सरकार के स्तर पर होने वाली चर्चा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दरअसल, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सीलिंग की कार्रवाई चल रही है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद रहवासी इलाकों में चल रही कमर्शियल गतिविधियों पर नगर निगम ने पहले नोटिस जारी किया था। नोटिस जारी होने के बाद कुछ संस्थानों ने खुद ही बंद कर लिया। इसके बाद नगर निगम की तरफ से दुकानें सील करने की कार्रवाई की गई है।

बुधवार को सीलिंग की कार्रवाई के विरोध में कोलार इलाके में दुकानें बंद रही थीं। डीमार्ट जैसे अन्य प्रतिष्ठान भी बंद रहे थे। व्यापारियों का कहना है कि हमें इंसाफ मिले। वहीं, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि भोपाल का मास्टर प्लान जल्द ही आएगी। सीलिंग के तहत भोपाल में आठ हजार से अधिक दुकानों को नोटिस मिला है। अरेरा के रहवासियों ने भी सुप्रीम कोर्ट का रूख किया था। अब देखना होगा कि कोर्ट से व्यापारियों को राहत मिलती है या नहीं।