मुंबई। मॉनसून की बारिश ने मुंबई को जलमग्न कर दिया है। मुंबई की सड़कें तालाब बन गई है। बारिश ने आम जनजीवन को खासा प्रभावित किया है। सड़कों पर जलजमाव को देखकर चांदीवली इलाके के शिवसेना विधायक इतना भड़क गए कि उन्होंने ठेकेदार को गंदे पानी में बिठा दिया। इतना ही नहीं ठेकेदार के ऊपर नाली का कचरा भी फिंकवाया।



चांदीवली विधायक दिलीप लांडे के इस ऑन स्पॉट सजा का वीडियो सोशल मेडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि शिवसेना नेता के निर्देशों पर एक व्यक्ति को सड़क के बीचो-बीच गंदे पानी में बैठने पर मजबूर किया जाता है। इसके बाद उसे धक्का देकर गिरा दिया जाता है। इसके बाद विधायक के कहे अनुसार उसपर नाली के कचरे फेंके जाते हैं। इस दौरान ठेकेदार उनसे गुहार लगाता है लेकिन विधायक कुछ नहीं सुनते हैं। 





इस घटना को लेकर विधायक दिलीप लांडे का कहना है कि उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि ठेकेदार ने अपना काम ठीक से नहीं किया। ठेकेदार द्वारा नाले की उचित सफाई न होने के कारण जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हुई।