नई दिल्ली। प्रधामंत्री मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदीमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। दोनों शासनाध्यक्षों में करीब 35 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई। जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन के प्रयासों की सराहना की और रूस के साथ बातचीत के ज़रिए तमाम मसलों को हल करने पर जोर दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेनी राष्ट्रपति को भारतीय छात्रों को यूक्रेन से निकलने देने में सहयोग करने के लिए धन्यवाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने रूस से सीधी बातचीत करने के लिए भी यूक्रेन के रुख की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन के मौजूदा हालात पर भी यूक्रेनी राष्ट्रपति से चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने सुमी में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने में सहयोग मांगा। 

प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेनी राष्ट्रपति से बात करने के बाद आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बात करने वाले हैं। युद्ध के इस पड़ाव पर दोनों देशों के शासनाध्यक्ष के साथ प्रधानमंत्री मोदी की बातचीत को काफी अहम माना जा रहा है। दोनों देशों में जारी युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस कीव पर अपना कब्जा जमाने के लिए सीरियाई लड़ाकों को भी अपनी सेना में भर्ती करा रहा है। 

रूस और यूक्रेन के बीच अब तक दो मर्तबा शांति वार्ता हो चुकी है। लेकिन अब तक दोनों दौर की वार्ता विफल हो चुकी है। रूस लगातार यूक्रेन पर हमले बोल रहा है। जिसका यूक्रेनी सेना और उसके नागरिक डटकर मुकाबला कर रहे हैं। रूसी आक्रमण के कारण यूक्रेन से लाखों लोग विस्थापित होने पर मजबूर हुए हैं।