नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को मनांथावडी स्थित गांधी पार्क में गांधी प्रतिमा का अनावरण किया। राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। लोगों को किए संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी ने जो कहा उसे कर के दिखाया। उनकी कथनी और करनी में कभी फर्क नहीं रहा। लेकिन आज कुछ लोग अपनी कथनी के विपरित कार्य करने में विश्वास रखते हैं। 





राहुल गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी ने जो कुछ भी कहा उन्होंने उन बातों को अपने व्यवहारिक जीवन में आत्मसात किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर गांधी जी ने एक सहिष्णु भारत की परिकल्पना की, तो वे खुद भी सहिष्णू तरीके से पेश आए। अगर उन्होंने महिलाओं के सम्मान की बात की, तो उन्होंने खुद भी महिलाओं को भरपूर आदर और सम्मान दिया। 



राहुल गांधी ने कहा कि लेकिन आज कुछ लोगों की कथनी और करनी में बड़ा फर्क आ गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज कुछ लोग धर्मनिरपेक्षता की तो वकालत करते हैं, लेकिन खुद विभिन्न धर्मों को अपने चश्मे से अलग अलग कर के देखते हैं। राहुल ने कहा कि वे महिलाओं की सम्मान की बात भी करते हैं, लेकिन वे खुद महिलाओं का अपमान करते हैं। 



राहुल गांधी इस समय अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। हाल ही में राहुल ने जम्मू कश्मीर का भी दौरा किया था। आज केरल में राहुल गांधी के तीन दिवसीय दौरे का पहला दिन है। दौरे के पहले दिन राहुल गांधी ने केरल के कट्टूनयक्कन आदिवासी समुदाय के छात्रों के साथ भोजन किया। इसके बाद राहुल ने गांधी प्रतिमा का अनावरण किया। राहुल गांधी मंगलवार को कलपट्टा ज़िले के कलेक्टर से मिलने वाले हैं। इसके साथ ही कल राहुल गांधी करासरी किसान पंचायत दिवस का उद्घाटन करेंगे।