नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से उड़ान भरने के बाद Spicejet की एक विमान में तकनीकी खराबी उत्पन्न हो गई। इसके बाद विमान को पाकिस्तान की ओर डायवर्ट कर दिया। पाकिस्तान के कराची एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की गई। यह विमान दिल्ली से दुबई जा रही थी। विमान में मौजूद सभी यात्री सुरक्षित हैं।

स्पाइसजेट कंपनी के प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि कोई आपात स्थिति घोषित नहीं की गई और विमान की सामान्य लैंडिंग हुई। प्रवक्ता ने कहा कि स्पाइसजेट B737 विमान संचालन उड़ान SG-11 (दिल्ली-दुबई) को एक इंडिकेटर लाइट की खराबी के कारण कराची की ओर मोड़ दिया गया था। विमान कराची में सुरक्षित उतर गया और यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।

यह भी पढ़ें: देश के कई राज्यों में भारी बारिश, रोकी गई अमरनाथ यात्रा, मुंबई में बाढ़ जैसे हालात, दिल्ली में येलो अलर्ट

बताया गया है कि कराची में सभी यात्रियों को उतार लिया गया है। उन्हें वहां नाश्ता कराया गया है। कंपनी की ओर से एक दूसरा विमान कराची भेजा जा रहा है, जो यात्रियों को दुबई लेकर जाएगा। बता दें कि हाल के दिनों में स्पाइसजेट के विमान को लेकर कई घटनाएं सामने आई हैं। पिछले हफ्ते ही दिल्ली से जबलपुर जा रही स्पाइसजेट के विमान को खराब के चलते फिर से दिल्ली लौटना पड़ा। 

दरअसल, जब विमान 5000 मीटर की फीट की ऊंचाई पर था तभी केबिन में अचानक से धुआं फैलने लगा। इसके चलते दिल्ली में विमान की लैंडिंग करानी पड़ी। इसके कुछ देर बाद दूसरे विमान से यात्रियों को जबलपुर ले जाया गया। इस घटना से कुछ दिन पहले भी पटना में स्पाइसजेट का विमान पक्षी से टकरा गया था, जिसके चलते एक इंजन में आग लग गई थी। इसके बाद विमान की पटना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।