देश के कई राज्यों में भारी बारिश, रोकी गई अमरनाथ यात्रा, मुंबई में बाढ़ जैसे हालात, दिल्ली में येलो अलर्ट

जम्मू और कश्मीर की पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन पर भारी बारिश के चलते फिलहाल रोक लगा दी गई है, बारिश के कारण कई राज्यों में बाढ़ की संभावना है और अलर्ट जारी किया गया है

Updated: Jul 05, 2022, 10:41 AM IST

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है। अगले चार दिन में देश के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, केरल में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए मंगलवार को यलो और बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

जम्मू और कश्मीर की पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन पर भारी बारिश के चलते फिलहाल रोक लगा दी गई है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने मीडिया से बातचीत में बताया कि खराब मौसम के चलते बालटाल और पहलगाम में अस्थाई रूप से यात्रा को रोका गया है। बताया गया है कि मौसम साफ होने के बाद ही तीर्थयात्रियों को जाने की इजाजत दी जाएगी। भारी बारिश के चलते जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा भी रोक दी गई है। भारी बारिश की वजह से अमरनाथ यात्रा के मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जिसकी वजह से इन इलाकों में लैंड स्लाइड का खतरा बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के खिलाफ झूठी खबर मामले में जी न्यूज का एंकर गिरफ्तार, नोएडा पुलिस अपने साथ ले गई

महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में हालात काफी खराब होते जा रहे हैं। मुंबई और उसके उपनगरों में बीती रात से भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते शहर के अधिकांश हिस्से जलमग्न हो गए हैं। मुंबई के घाटकोपर उपनगर में भूस्खलन होने की सूचना है। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई आले कुछ दिनों आसमान से आफत की बारिश होने अनुमान है। मुंबई में आने वाले दिनों में भारी बारिश का अलर्ट है शुक्रवार तक के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि आने वाले 5 दिनो में मुंबई और ठाणे में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर मुंबई में इसे आफत से बचने के लिए पहले से ही एनडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं। सूबे के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एडमिनिस्ट्रेशन को इस मामले में सतर्क रहने को और बचाव के उपायों पर नजर रखने की बात कही है।

मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में मंगलवार को जलजमाव से यातायात प्रभावित हुआ है। कुछ इलाकों में बस और लोकल ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। दोपहर 4 बजे हाई टाइड का अलर्ट है। BMC और प्रशासन ने लोगों को समुद्र तट से दूर रहने को कहा है। हाई टाइड के दौरान 4 से 6 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

यह भी पढ़ें: बारिश ने खोली भोपाल नगर निगम की पोल, दो घंटे में ही कई इलाके जलमग्न, लोगों का तंज- बोट के बदले वोट देंगे

मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिन में देश के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी ओडिशा, उससे सटे दक्षिण झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे अगले चार दिनों में मध्य भारत, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश के सभी जिलों में मानसून सक्रिय हो चुका है। राजधानी भोपाल में सोमवार सुबह से लेकर देर रात तक तेज चमक और गरज के साथ रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। रात 12:30 तक 4 इंच बारिश हो चुकी थी। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार यानी आज भी भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक ओडिशा में बने सीजन के पहले लो प्रेशर एरिया और मप्र के ऊपर से गुजर रही मानसून ट्रफ लाइन के असर के कारण ऐसी तेज बारिश हुई।