भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इन दिनों वोट चोरी और चंदा चोरी के खिलाफ सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पर हैं। इस बीच उन्होंने 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली में शामिल होने के लिए देशवासियों से अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों को बचाने की यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे देश की लड़ाई है।
दिग्विजय सिंह ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ओर से महारैली आयोजित की जा रही है। इस रैली का आह्वान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, टीएमसी की ममता बनर्जी समेत इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने किया है। उन्होंने देशवासियों से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि यदि लोकतंत्र को बचाना है तो इस महारैली को बड़े स्तर पर सफल बनाना होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी कारणवश रैली में शामिल नहीं हो सकते, वे सोशल मीडिया के माध्यम से इसका समर्थन करें। उन्होंने मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी से इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की।
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाली जा रही है। उज्जैन से शुरू हुई इस पद यात्रा के दौरान चंदा चोरी और वोट चोरी के मुद्दे उठाए जा रहे हैं। दिग्विजय सिंह लगातार इन मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। 930 किमी की यह यात्रा उज्जैन से शुरू होकर ओरछा, कानपुर, लखनऊ होते हुए अयोध्या पहुंचेगी।