रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा हुआ है। 30- 35 यात्रियों को रायपुर से लेकर झारखंड जा रही बस अनियंत्रित होकर गढ्ढे में पलट गई। हादसे में बस सवार 15 से 20 यात्री घायल बताए जा रहें हैं। सभी यात्रियों को जिला अस्पताल भेजा गया है।

घटना मंगलवार सुबह 4 बजे की बताई जा रही है  बिलासपुर मार्ग पर ग्राम गुमगा के समीप बेकाबू बस के सड़क किनारे पलट जाने से बस में सवार 15 से 20 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर भेजा गया है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बस में  लगभग तीस से पैंतीस यात्रियों मौजूद थे। यात्रियों को लेकर रायपुर से सोमवार की रात बस झारखंड के गढ़वा जाने के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह चार बजे  उदयपुर और तारा के बीच ग्राम गुमगा के समीप चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। घटना के वक्त अधिकांश यात्री सो रहे थे। बस के पलटने के बाद  अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। बताया जा रहा है रास्ते से गुजर रहे दूसरे वाहनों में सवार लोगों ने उदयपुर थाने में सूचना दी। उदयपुर से संजीवनी 108 एंबुलेंस और पुलिस की डायल 112 टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। घायलों को उदयपुर अस्पताल भेजा गया।

गौरतलब है कि दुर्घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क नवनिर्माण के बाद इस मार्ग से गुजरने वाली अधिकांश वाहनों की रफ्तार काफी अधिक होती है। आए दिन सड़क दुर्घटना होती रहती है।

घटना स्थल पर पहुंचे उदयपुर तहसीलदार सुभाष शुक्ला ने बताया कि 15 से 20 यात्री घायल हुए हैं। सभी की हालत खतरे से बाहर है। कई यात्री ऐसे हैं जो पूरी तरीके से सुरक्षित हैं, उन्हें उनके गंतव्य तक रवाना करने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की जा रही है।