महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान पर एकतरफा जीत दर्ज करते हुए 64 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। एजबेस्टन में खेले गए मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।

मुकाबले में भारतीय पारी की शुरुआत शानदार रही थी। टीम की जीत में स्मृति मंधाना ने सबसे बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने 44 गेंदों पर 68 रन की प्रभावशाली पारी खेली थी। जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी अहम योगदान देते हुए 36 रन बनाए थे। जबकि, ऋचा घोष ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 34 रन जोड़े थे। पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने दो-दो विकेट हासिल किए थे। जबकि, तस्मिया रुबाब और रामीन शमीम को एक-एक सफलता मिली थी।

171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और कोई भी बल्लेबाज लंबी साझेदारी नहीं बना सका। मुनीबा अली ने सर्वाधिक 41 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त समर्थन नहीं मिला।

भारतीय गेंदबाजों ने पूरे मैच में पाकिस्तान पर शिकंजा कसकर रखा था। दीप्ति शर्मा ने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 10 रन खर्च करते हुए पांच विकेट झटके और मैच की सबसे बड़ी स्टार रही। श्री चरणी ने तीन विकेट लेकर उनका बेहतरीन साथ दिया। जबकि, शेफाली वर्मा ने भी एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा।

मैच के अंतिम चरण में पाकिस्तान को जीत के लिए 18 गेंदों में 65 रन की जरूरत थी लेकिन दीप्ति शर्मा ने 17वें ओवर में ही मुकाबले का अंत कर दिया। उन्होंने पहले आलिया रियाज (18) को डीप मिडविकेट पर कैच आउट कराया। इसके बाद तस्मिया रुबाब बिना खाता खोले जेमिमा रोड्रिग्स के हाथों कैच आउट हुई। ओवर की आखिरी गेंद पर नशरा संधू भी शॉर्ट मिडविकेट पर हरमनप्रीत कौर को कैच देकर आउट हो गई। इस प्रदर्शन के साथ भारत ने पाकिस्तान को 106 रन पर समेटते हुए टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की।