सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय राजीव भवन में चोरी की अजीब घटना सामने आई है। चोर यहां से दर्जनों स्टील के नल उखाड़कर ले गए। पार्टी नेताओं के मुताबिक, दफ्तर से कम से कम 73 नल चोरी हुए हैं। घटना के बाद कांग्रेस ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने कार्यालय के टॉयलेट और अन्य हिस्सों में लगे स्टील के नलों को निशाना बनाया। घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में टूटे हुए बेसिन, फ्लश टैंक और पाइप बिखरे हुए दिखाई दिए। चोरी के दौरान आरोपियों ने कई फिटिंग्स को भी नुकसान पहुंचाया।
इस पूरी घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर जाते जाते फर्श पर जमी धूल में “आई लव यू” लिखकर चले गए। इस नोट को लेकर भी चर्चा बनी हुई है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने आशंका जताई कि चोरी के पीछे नशे के आदी या असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है। उन्होंने कहा कि राजीव भवन में इस तरह की यह तीसरी चोरी की घटना है और लगातार हो रही वारदातें चिंता बढ़ाने वाली हैं।
बालकृष्ण पाठक ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जिस तरह से अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं उससे लगता है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है। उन्होंने मामले की गंभीर जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।