बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। मुठभेड़ के दौरान चार नक्सली मारे गए हैं। फिलहाल इलाके में सर्चिंग अभियान जारी है। सुरक्षाबल के जवान मिशन पर निकले थे इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों की गोलीबारी का जवान जवाब दे रहे हैं। मौके में सुरक्षाबल की कई टीमें मौजूद हैं।

पुलिस के मुताबिक जिले के दक्षिण-पश्चिमी जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। हालांकि, जवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मुठभेड़ लोकेशन की सूचना नहीं दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस को पुख्ता इनपुट मिले थे। इसी के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।

वहीं जब जवान नक्सलियों के ठिकाने में पहुंचे तो नक्सलियों ने जवानों को देख फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया और 4 नक्सलियों का एनकाउंटर कर दिया। इसके पहले 18 जुलाई को नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में जवानों ने 6 नक्सलियों का एनकाउंटर किया था। मुखबिर की सटीक सूचना पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। जहां फोर्स ने माओवादियों को घेर कर मार गिराया।

बारिश के मौसम में भी नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन मानसून जारी है। इस दौरान पुलिस का नक्सलियों से सामना हुआ। दोनों तरफ से फायरिंग हुई थी। जवानों ने जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों को ढेर कर दिया। एनकाउंटर वाली जगह से AK-47 और SLR जैसे ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद हुए थे।