नई दिल्ली। मार्च महीने के पहले दिन ही मंगाई की बड़ी मार पड़ी है। भारत में आज से 19kg वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में सौ रुपए से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। आज से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 105 रुपए महंगा हो गया है। जिस वजह से एक कमर्शियल सिलेंडर का दाम अब 2 हजार रुपए से अधिक हो गया है। 

फरवरी महीने तक दिल्ली वासियों को एक कमर्शियल सिलेंडर के लिए जेब से 1907 रुपए खर्च करने पड़ते थे। लेकिन आज से एक कमर्शियल सिलेंडर के लिए 2,012 रुपए का भुगतान करना होगा। वहीं कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर के लिए लोगों को अपनी जेब से 2,095 रुपए खर्च करने होंगे। जबकि मुंबई में इस वक्त एक कमर्शियल सिलेंडर के लिए जेब से 1,963 रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। 

इसके साथ ही ऐसी संभावना जताई जा रही है कि मार्च के दूसरे हफ्ते में घरेलू गैस के दाम भी बढ़ाए जा सकते हैं। दूसरी तरफ अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल के दामों में भी उछाल देखने को मिला है। इसके पीछे प्रमुख वजह रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को माना जा रहा है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि पांच राज्यों में चुनावों की समाप्ति के बाद पेट्रोल डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।