शहडोल। शहडोल में भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक और बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। दरअसल शहडोल जिले के अमलाई थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले बटुरा पुल के पास तेज रफ़्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। शुक्रवार को हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और उसकी 13 साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

बताया जा रहा है कि बाइक सवार दंपत्ति अनूपपुर से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान अमलाई थाना इलाके के बटुरा पुल पर अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं सड़क के दोनों तरफ वाहनों का भारी जाम लग गया। घटना के बाद लोगों में काफी गुस्सा दिखाई दिया।

वही घटना की सूचना पुलिस और 108 एम्बुलेंस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल रवाना करवाया। वहीं, घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश के अनुसार, हादसे में जान गवाने वालों में बाइक चालक दुर्गेश और उसकी 13 वर्षीय बेटी लल्लीबाई है। फिलहाल, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।