इटली। यूरोप में इन दिनों एक ऐसी चोरी चर्चा का विषय बनी हुई है जिसने पुलिस से ज्यादा सोशल मीडिया को एक्टिव कर दिया है। नेसले की मशहूर किटकैट चॉकलेट से भरा 12 टन का ट्रक इटली से पोलैंड जा रहा था। इस बीच रास्ते में ही ट्रक रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया। ट्रक में 413793 चॉकलेट पैकेट थे। जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

बताया जा रहा है कि यह घटना 26 मार्च के आसपास हुई थी। उस दौरान ट्रक इटली की फैक्ट्री से निकलकर पोलैंड की ओर रवाना हुआ था। रास्ते में अचानक उसका जीपीएस सिस्टम बंद हो गया और उसके बाद ट्रक और ड्राइवर दोनों का कोई पता नहीं चला। जांच में यह भी सामने आया है कि चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया है। उन्हें पता था कि ईस्टर का समय नजदीक है और इस दौरान चॉकलेट की डिमांड चरम पर होती है। 

यह भी पढ़ें:MP में फिर बदला मौसम का मिजाज, खरगोन में गिरे ओले, भोपाल समेत कई जिलों में बारिश

इस ट्रक में किटकैट की खास फॉर्मूला-1 एडिशन रेंज भी रखी हुई थी। यह एडिशन हाल ही में लॉन्च हुई थी और बाजार में आने ही वाली थी। भारतीय कीमत के हिसाब से देखें तो इस माल की कुल कीमत करीब 80 लाख से 2 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है। यानी चोर सिर्फ चॉकलेट नहीं बल्कि मीठा खजाना ले उड़े।

घटना सामने आने के बाद खुद कंपनी ने भी मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी है। नेस्ले ने अपने मशहूर स्लोगन Have a break पर चुटकी लेते हुए कहा कि लगता है चोरों ने इसे कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया और पूरे ट्रक के साथ ही ब्रेक पर निकल गए। हालांकि, कंपनी ने यह भी साफ किया है कि मामला मजाक का जरूर है लेकिन इतना बड़ा नुकसान उनके डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के लिए गंभीर चुनौती है।

यह भी पढ़ें:CCTV से सावधान हुई सरकार, भारत में चीनी कैमरों पर लगेगी पाबंदी

कंपनी ने चेतावनी भी जारी की है कि चोरी हुई हर चॉकलेट पर एक यूनिक बैच कोड छपा हुआ है। जिसकी वजह से उन्हें आसानी से ट्रैक किया जा सकता है। यानी अगर ये चॉकलेट्स बाजार में बेची जाती हैं तो चोर ज्यादा दिन छिप नहीं पाएंगे। कंपनी ने यह भी भरोसा दिलाया है कि इस घटना से बाजार में किटकैट की सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

अब सवाल उठता है कि चोरों ने चॉकलेट ही क्यों चुनी? दरअसल, विशेषज्ञ बताते हैं कि खाने-पीने की चीजें ब्लैक मार्केट में बेचना आसान होता है। छोटे दुकानदारों या खुले बाजार में बिना बिल के इन्हें आसानी से खपाया जा सकता है। कई बार चोर पैकेजिंग बदलकर या बैच नंबर मिटाकर भी माल को पहचान से बाहर कर देते हैं। यहां तक कि टेलीग्राम और डार्क वेब जैसे प्लेटफॉर्म पर भी ऐसे माल की होलसेल डील की जाती है।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर में फर्जी सिम नेटवर्क का पर्दाफाश, एक फोटो पर जारी किए सैकड़ों कनेक्शन, साइबर ठगी की भी आशंका