भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने जून में श्रीलंका में आयोजित होने वाली वनडे ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का ऐलान कर दिया है। 15 सदस्यीय टीम की कमान युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को सौंपी गई है। जबकि, रियान पराग को उपकप्तान बनाया गया है। इस टीम में सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के चयन को लेकर हो रही है। उन्हें पहली बार इंडिया ए की वनडे टीम में जगह मिली है।
यह ट्राई सीरीज 9 जून से शुरू होगी जिसमें इंडिया ए के अलावा श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए की टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले दांबुला में खेले जाएंगे। जबकि, इसके बाद इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच दो मल्टी डे मैच गाले में आयोजित होंगे। बीसीसीआई ने बताया है कि रेड बॉल सीरीज के लिए अलग स्क्वॉड की घोषणा बाद में की जाएगी।
यह भी पढ़ें:मध्य प्रदेश की सहकारी दुग्ध संघ ने बढ़ाए दाम, सांची दूध भी 2 रुपए महंगा हुआ
इंडिया ए टीम में कई युवा और उभरते खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। टीम में प्रियांश आर्य, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र, विप्रज निगम, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, अरशद खान और युद्धवीर सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। विकेटकीपर की जिम्मेदारी प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र संभालेंगे।
इस दौरे में सबसे ज्यादा निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर रहने वाली हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में अपने आक्रामक खेल से सभी को प्रभावित किया है। वैभव ने अब तक 11 मैचों में 40 की औसत और 236 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 440 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक निकले हैं। उन्होंने जयपुर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ विस्फोटक शतकीय पारी खेलते हुए 12 छक्के और 5 चौके लगाए थे।
यह भी पढ़ें:देवास में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट, 3 मजदूरों की मौत और 25 से ज्यादा घायल
वैभव का क्रिकेट सफर भी बेहद खास रहा है। उन्होंने महज 12 साल की उम्र में बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था और घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए थे। इसके बाद अंडर 19 क्रिकेट में भी उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर 19 टेस्ट सीरीज में उन्होंने सिर्फ 58 गेंदों में शतक जड़कर रिकॉर्ड बनाया था। उनकी 62 गेंदों में 104 रन की पारी में 14 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
लिस्ट ए क्रिकेट में भी वैभव का रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 8 मुकाबलों में 44 से ज्यादा की औसत और 164 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से 353 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 190 रन रहा है। वहीं, एशिया कप राइजिंग स्टार्स टी20 टूर्नामेंट में उन्होंने 4 मैचों में 243 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 239 रन बनाकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। ट्राई सीरीज का पहला मुकाबला 9 जून को इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेला जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम 11 जून और 17 जून को अफगानिस्तान ए से भिड़ेगी। टूर्नामेंट का फाइनल 21 जून को खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें:जनता की जेब पर महंगाई का डबल अटैक, अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दूध के दाम
बीसीसीआई और चयनकर्ताओं ने इस बार उन खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है जिन्होंने घरेलू क्रिकेट, अंडर 19 स्तर और आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। तिलक वर्मा और रियान पराग जैसे खिलाड़ी पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखा चुके हैं। जबकि, वैभव सूर्यवंशी समेत कई युवा खिलाड़ी इस दौरे को अपने करियर के बड़े मौके के रूप में देख रहे हैं।