भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9,985 नए मरीज मिले हैं वहीं 279 संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में अबतक कुल 2,76,583 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें 7,745 लोगों की मौत हुई है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 1,33,632 है। राहत की बात ये है कि देशभर में अबतक कुल 1,35,206 मरीज इस महामारी जंग जीतकर पूरी तरह से स्वस्थ्य हो गए हैं।



भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के डाटा के अनुसार पिछले 24 घंटे में 279 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी ने भारत में अबतक कुल 7,745 लोगों की जान ली है। दुनियाभर में इस महामारी से अबतक तकरीबन 70 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं वहीं 4 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।





भारत विश्व के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों की सूची में पांचवें स्थान पर है। इसी के साथ भारत ने स्पेन, इटली, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है वहीं जिस रफ्तार से कोरोना संक्रमण फैल रहा है उस हिसाब से जल्द ही यह सूची में चौथे स्थान पर होगा। दुनियाभर में सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों में सबसे आगे अमेरिका है जहां 20 लाख से ज्यादा लोग इस महामारी के चपेट में आए हैं, जिसमें एक लाख चौदह हजार से ज्यादा लोगों की मृत्‍यु हो चुकी है।