महाराष्ट्र के तटीय इलाकों से 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से टकराने के बाद चक्रिय चक्रवात निसर्ग कमजोर पड़ गया था। इसी के साथ मुंबई में एक बड़ी अनहोनी टल गई। मुंबई से आगे यह तूफान मात्र 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से बढ़ रहा था। इस तूफान से देशभर के विभिन्न इलाकों में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत होने की सूचना है। पुणे में दीवार गिरने से 2 लोगों की जान चली गयी वहीं रायगढ़ में भी 2 लोगों की मौत हुई है।





मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटों में देशभर के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। मुंबई से इस तूफान के गुजरने के बाद शहर में रातभर बारिश हुई है, वहीं तूफान का असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिला है। राजधानी भोपाल में भी रातभर वर्षा हुई है। महाराष्ट्र के रत्नागिरी में गिरे हुए बिजली खम्भों को पुनः लगाया जा रहा है व मोबाईल सुविधा भी चालू हो गयी है। इस तूफान के कारण चल रही तेज हवाओं से महाराष्ट्र के कई जिलों में फसलों को भारी नुकसान हुई है जिनमें मुंबई, पालघर, रत्नागिरी, ठाणे व सिंधुदुर्ग शामिल है। मुंबई में तय उड़ानें भी शुरू कर दी गयी है। सुबह लोगोंं ने वॉक भी की।