पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के दो अधिकारियों की गुमशुदगी से इस्लामाबाद में हड़कंप मच गया है। दोनों ही अधिकारी सुबह में कार्यस्थल के लिए निकले थे। जिसके बाद से ही दोनों लापता हैं। कार्यस्थल पर अधिकारियों का काफी देर इंतज़ार करने के बाद पाकिस्तान में दोनों की गुमशुदगी का मुद्दा उठाया गया है। भारत ने पाकिस्तान की अथॉरिटी से इस मामले में संपर्क साधा है।

ऐसा नहीं है कि भारतीय उच्चायोग के अधिकारी पाकिस्तान में पहली बार मुश्किल में फंसे हैं। अभी हाल ही में राजधानी इस्लामाबाद में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने पाकिस्तान में भारतीय उप उच्चायुक्त गौरव अहुलिवालिया का पीछा किया था। उस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया था। जिसके बाद भारत सरकार ने इसपर कड़ी आपत्ति जताते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय से जांच करने की मांग की थी।

अब इस्लामाबाद से दो अधिकारियों के गायब होने से पाकिस्तान के मंसूबों पर शक गहराता जा रहा है। फिलहाल पाकिस्तानी अथॉरिटी के संज्ञान में अधिकारियों की लापता होने मामला ला दिया गया है। भारतीय उच्चायोग ने जल्द से जल्द उनके लापता अधिकारियों का पता लगाने का आग्रह किया है।