नई दिल्ली। यूक्रेन के कई शहरों और सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले के बाद अब रुसी सेनाएं यूक्रेन की राजधानी कीव के करीब पहुँच गई हैं।  रुसी सेनाओं ने कीव को चारों तरफ से घेर लिया है। रूस के रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को कहा कि रूस की सेनाओं ने सामरिक रूप से महत्वपूर्ण होस्टोमल एयरोड्रम पर कब्जा कर लिया है, ये एरोड्रम राजधानी कीव से महज 7 किलोमीटर की दूरी पर है।  इस एयरोड्रम पर कब्जे के लिए हुई भीषण गोलीबारी में यूक्रेनी सेना के 200 जवानों के मारे जाने की खबर है। 

इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ब्लादीमिर जेलेंस्की ने एक बंकर से यूरोपीय संघ के नेताओं को एक वीडियो सन्देश जारी किया है। वीडियो सन्देश में जेलेंस्की ने कहा है कि शायद ये आखिरी मौका है जब आप उन्हें जीवित देख रहे हैं।  

उधर, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में युद्ध बंद करने के लिए लाये गए एक प्रस्ताव को रूस ने वीटो कर दिया है। 
इस बीच रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन की सेनाओं से प्रतिरोध को समाप्त करने को कहा है।  शुक्रवार को सुरक्षा परिषद की बैठक में बोलते हुए पुतिन ने दावा किया कि अधिकांश यूक्रेनी सेनाएं रूस के साथ युद्ध की इच्छुक नहीं हैं।  हालाँकि उन्होंने अपने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया।