दुनिया में एक बार फिर बड़े जंग की सुगबुगाहट तेज हो गई है। यूरोपियन यूनियन ने अपने 45 करोड़ नागरिकों को आगाह किया है कि वे किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहें। रिपोर्ट के मुताबिक, यूरोपीय संघ ने लोगों से कहा है कि वे कम से कम 72 घंटे के लिए जरूरी सामान, जैसे कि खाना, पानी और अन्य आवश्यक चीजें, पहले से इकट्ठा कर लें। इस निर्देश के बाद तीसरे विश्व युद्ध की आशंका जताई जा रही है।
नाटो के महासचिव मार्क रूट ने चेतावनी दी है कि रूस 2030 तक यूरोप पर हमला करने की क्षमता रखता है। उनकी इस चेतावनी के बाद यूरोपीय देशों में चिंता बढ़ गई है। फ्रांस, जर्मनी और पोलैंड जैसे कई नाटो देश पहले से ही युद्ध की तैयारी में जुट गए हैं।
यह भी पढ़ें: थाईलैंड और म्यांमार में 7.7 तीव्रता का भूकंप, कई इमारतें जमींदोज, भारी नुकसान की आशंका
नाटो महासचिव मार्क रूट ने वारसॉ में चेतावनी देते हुए कहा, 'अगर कोई यह सोचता है कि वह पोलैंड या किसी अन्य सहयोगी देश पर हमला करके बच सकता है, तो उसे नाटो की पूरी ताकत का सामना करना पड़ेगा। हमारी प्रतिक्रिया विनाशकारी होगी।'
उनका यह बयान यूक्रेन के सुमी शहर पर हुए रूसी मिसाइल हमले के कुछ घंटे बाद आया, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। उन्होंने आगे कहा, 'यह बात व्लादिमीर पुतिन और उन सभी को साफ तौर पर समझ लेनी चाहिए, जो हम पर हमला करने की सोच रहे हैं।' यह अब तक स्पष्ट नहीं है कि यूरोपीय संघ की चेतावनी सीधे रूस के संभावित हमले से जुड़ी है या नहीं।
यूरोपीय संघ की तैयारी और संकट प्रबंधन आयुक्त हादजा लाहबीब ने कहा कि 'यूरोप के सामने खतरे पहले से कहीं अधिक जटिल हो गए हैं।' नाटो प्रमुख मार्क रूट ने चेतावनी देते हुए कहा कि रूस यूरोप पर एक और बड़ा हमला करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा, 'हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि रूस हमारे गठबंधन के लिए सबसे बड़ा खतरा है और आगे भी रहेगा।' रूट ने यह भी कहा कि रूस अब युद्धकालीन अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर उसकी सैन्य शक्ति और युद्ध की तैयारियों पर पड़ेगा।