भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष ने एक्स पोस्ट पर कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 11 वर्षों में भारतीय लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने को गहरा आघात पहुँचाया है।
उन्होंने कहा कि BJP-RSS ने हर संवैधानिक संस्था को कमज़ोर कर, उनकी स्वायत्तता पर कड़ा प्रहार किया। चाहे वो जनमत चुराकर पिछले दरवाज़े से सरकारें गिराना हो या एक-दलीय तानाशाही शासन जबरन लागू करना हो। इस दौरान, राज्यों के हकों की अनदेखी हुई है और संघीय ढांचे कमज़ोर हुए।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र चुनाव में हुई मैच फिक्सिंग, राहुल गांधी ने पांच स्टेप में समझाया चुनाव की चोरी का पूरा खेल
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि समाज में नफ़रत, धमकी और डर का वातावरण फैलाने की कोशिश लगातार जारी है। दलित, आदिवासी, पिछड़े, अल्पसंख्यक व कमज़ोर वर्गों का शोषण लगातार बढ़ा है। इनके आरक्षण व बराबरी के अधिकार से वंचित रखने की साजिश जारी है। मणिपुर की ना थमने वाली हिंसा भाजपा की प्रशासनिक विफलता का सबसे बड़ा सबूत है।
खड़गे ने कहा कि BJP-RSS ने देश के GDP विकास दर को 5-6% की आदत डाल दी, जो UPA के दौरान 8% औसतन हुआ करता था। सालाना 2 करोड़ नौकरियों का वादा के बजाय युवाओं से करोड़ों नौकरियाँ छीनी। महँगाई से जनता की बचत 50 सालों में सबसे कम और आर्थिक असमानता 100 सालों में सबसे अधिक कर दी।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी, गलत GST, अनियोजित लॉक-डाउन और असंगठित क्षेत्र पर हथौड़ा चलाकर करोड़ों का भविष्य बर्बाद किया। Make in India, Startup India, Stand up India, Digital India, Namami Gange, 100 SMART Cities सब फेल हुए। रेलवे का बंटाधार किया। केवल कांग्रेस-UPA के बनाए गए Infra के फ़ीते काटे। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आखिरी में कहा कि पिछले 11 वर्ष, मोदी सरकार ने संविधान के हर पन्ने पर तानाशाही की स्याही रगड़ने में गँवाए हैं।