भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉश इलाके कोहेफिजा में लिफ्ट गिरने से 7 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में दो बच्चे और दो बुजुर्ग भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि, हादसे के बाद सभी घायल करीब एक घंटे तक लिफ्ट में ही फंसे रहे। बमुश्किल एक घंटे बाद लिफ्ट इंजीनियर के आने के बाद घायलों को लिफ्ट से बाहर निकाला जा सका।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा राजधानी के कोहेफिजा स्थित नीलगगन हाइट्स बिल्डिंग का है। घायलों में एक 71 वर्षीय बुजुर्ग, दो बच्चे और चार महिलाओं को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल हुए बुजुर्ग श्रीचंद लालवानी ने बताया कि वह रिटायर्ड कर्मचारी हैं और टीला जमालपुरा में रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह रविवार दोपहर लालघाटी स्थित नील गगन हाइट्स बिल्डिंग में रहने वाले किसी परिचित के घर आए थे। शाम करीब 5 बजे पूजा के बाद जब वे घर जाने के लिए अपनी पत्नी और साली के साथ निकले तभी अचानक लिफ्ट टूट गई।
इस हादसे में लालवानी को गंभीर चोटें आई है, साथ ही तीन अन्य महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं दोनों बच्चे व एक अन्य महिला को मामूली चोटें आई है। इस मामले में कोहेफिजा के टीआई अनिल वाजपेयी ने बताया कि लिफ्ट टेक्निकल मसला है, इसलिए FSl टीम इसकी जांच करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लिफ्ट गिरने के सही कारणों का पता चला सकेगा।