अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयरफोर्स बेस पर सोमवार सुबह नियमित परीक्षण उड़ान के दौरान बी52 बॉम्बर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अमेरिकी वायुसेना के अनुसार, विमान ने सुबह करीब 11:20 बजे उड़ान भरी थी लेकिन टेकऑफ के कुछ ही क्षण बाद वह जमीन पर गिर गया और उसमें भीषण आग लग गई। इस हादसे में विमान में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई।

वायुसेना ने बताया कि मृतकों में एयरफोर्स के जवानों के साथ विमान परीक्षण कार्यक्रम से जुड़े विशेषज्ञ भी शामिल थे। हादसे के बाद पूरे एयरफील्ड को तत्काल बंद कर दिया गया। जबकि, वहां आने वाले अन्य विमानों को वैकल्पिक एयरबेस की ओर भेजा गया। अधिकारियों ने फिलहाल यह जानकारी साझा नहीं की है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में किसी प्रकार के हथियार मौजूद थे या नहीं।

यह भी पढ़ें:जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के फ़ाउंडर से मारपीट, प्रदर्शन के दौरान युवकों ने जड़े थप्पड़

दुर्घटना के कारणों का अभी आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि विमान के कंट्रोल सिस्टम, इंजन या परीक्षण के दौरान इस्तेमाल किए जा रहे किसी उपकरण में तकनीकी खराबी आने से यह हादसा हुआ हो सकता है। मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ जेफ गुजेटी ने कहा कि विमान का टेकऑफ के तुरंत बाद गिरना शुरुआती तौर पर फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम में गड़बड़ी की ओर संकेत करता है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। उनके मुताबिक, यह मेंटेनेंस के बाद नियंत्रण प्रणाली में आई खराबी, इंजन की गंभीर तकनीकी समस्या या किसी परीक्षण उपकरण के फेल होने का मामला भी हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षण उड़ानें सामान्य उड़ानों की तुलना में अधिक जोखिम वाली होती हैं।

यह भी पढ़ें:जबलपुर में युवक ने की महिला बिजनेस पार्टनर की हत्या, घटना के बाद खुद को भी मार ली गोली

एडवर्ड्स एयरफोर्स बेस लॉस एंजिलिस से करीब 161 किलोमीटर उत्तर में स्थित है और इसे अमेरिकी वायुसेना का प्रमुख परीक्षण एवं विकास केंद्र माना जाता है। यहां नए सैन्य विमानों, हथियार प्रणालियों, सॉफ्टवेयर और विभिन्न तकनीकी उपकरणों की टेस्टिंग की जाती है।