भोपाल। मुस्लिम महिलाओं की ऑनलाइन नीलामी के मामले में दिल्ली पुलिस ने भोपाल के इंजीनियरिंग छात्र को गिरफ्तार किया है। मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ बुल्ली बाई ऐप बनानेवाले इस छात्र को असम से गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी छात्र भोपाल के एक प्रतिष्ठित संस्थान में इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष का छात्र है। छात्र का नाम नीरज बिश्नोई बताया जा रहा है।  

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली पुलिस खास इनपुट के आधार पर असम पहुँची थी। जहाँ पर उसने आरोपी छात्र को अपनी गिरफ्त में ले लिया। इससे पहले इस मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। इस गिरफ्तारी के साथ ही आरोपियों की संख्या अब कुल चार हो चुकी है। इससे पहले मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से विशाल झा नामक छात्र को गिरफ्तार किया था। वहीं उत्तराखंड में रहने वाली मेडिकल की छात्रा श्वेता सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में तीसरी गिरफ्तारी मयंक रावल नाम के युवक की हुई थी।  

यह भी पढ़ें ः बुल्ली बाई ऐप मामले में उत्तराखंड की महिला गिरफ्तार, मुख्य साज़िशकर्ता होने का आरोप

दरअसल बुल्लीबाई एक ऐसा ऐप है जिसे मुस्लिम महिलाओं को टारगेट करने के इरादे से बनाया गया था। इस ऐप पर ऐसी मुस्लिम महिलाओं को टारगेट किया गया जो कि सोशल मीडिया पर काफी मुखर रहती हैं। ऐप पर मुस्लिम महिलाओं को निशाना बनाने के लिये उनकी ऑनलाइन नीलामी तक की गई है। दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस संयुक्त रूप से इस मामले की जाँच कर रही है।