बुल्ली बाई ऐप मामले में उत्तराखंड की महिला गिरफ्तार, मुख्य साज़िशकर्ता होने का आरोप

उत्तराखंड की एक महिला के साथ साथ मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से एक 21 वर्षीय इंजीनियरिंग के छात्र को भी गिरफ्तार किया है, आरोपी छात्र और महिला दोनों एक दूसरे को पहले से जानते हैं

Updated: Jan 04, 2022, 03:36 PM IST

नई दिल्ली। बुल्लीबाई ऐप के ज़रिए मुस्लिम महिलाओं की निलामी के मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई पुलिस इस पूरे रैकेट की मुख्य आरोपी तक पहुँच गयी है। मुस्लिम महिलाओं की ऑनलाइन निलामी की साज़िश रचने वाली खुद एक महिला है और वह उत्तराखंड की रहने वाली है। 

मुंबई पुलिस ने इस महिला को गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस ऐप को प्रमुख तौर पर यही महिला संचालित कर रही थी। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस अब महिला की रिमांड के लिये उत्तराखंड की अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है। 

इससे पहले मुंबई पुलिस ने इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले एक विशाल नामक छात्र को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी छात्र और महिला आरोपी दोनों ही एक दूसरे को पहले से जानते हैं। दोनों सोशल मीडिया पर एक दूसरे को पहले से जानते हैं। पुलिस के पास इन दोनों के लिंक की जानकारी भी है। 

यह भी पढ़ें ः सुल्ली डील्स के बाद अब बुल्ली बाई, मुस्लिम महिलाओं को बदनाम करने की घिनौनी साजिश

बुल्लीबाई ऐप चर्चा में उस वक्त आया था जब एक मुस्लिम महिला पत्रकार ने इस प्लेटफॉर्म पर खुद की ऑनलाइन निलामी की जानकारी साझा की थी। महिला पत्रकार द्वारा निलामी की जानकारी साझा करने के बाद हड़कंप मच गया था। इस पूरे मामले को दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस मिलकर देख रही थी। मामले की तफ्तीश करने के बाद आखिरकार पुलिस ऐप को संचालित करने वाली आरोपियों तक पहुँच गयी है।