ग्वालियर। दिल्ली से मध्यप्रदेश आ रही एक यात्री बस मंगलावर सुबह ग्वालियर झांसी मार्ग पर अनियंत्रित हो कर पलट गई। बस के पलटने से दो यात्रियों की मौत हो गई। जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री बुरी तरह से घायल हो गए। अभी भी कई यात्रियों के बस के नीचे दबे होने की आशंका है। मौके पर राहत कार्य जारी है। बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने की कोशिश जारी है। 





यह दर्दनाक हादसा ग्वालियर झांसी मार्ग पर जैरासी घाटी के पास हुआ। देश की राजधानी दिल्ली में लगे लॉकडाउन के बावजूद दिल्ली में काम करने वाले प्रवासी मजदूर अपने राज्य लौट रहे थे। बस में दिल्ली में पढ़ने वाले छात्र भी मौजूद थे। बस दिल्ली से टीकमगढ़ जा रही थी। उसी दौरान यह हादसा हुआ। बस में सवार ज़्यादातर यात्री टीकमगढ़ और छतरपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। 



सोशल मीडिया पर दुर्घटनास्थल का वीडियो वायरल है। वीडियो में एक बस पलटी हुई नज़र आ रही है। वीडियो में लोगों की चीखें सुनाई दे रही हैं। लोग बस से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं। यात्रियों का सामान बीच सड़क पर पड़ा हुआ नज़र आ रहा है।