पिपरिया। मध्य प्रदेश के पिपरिया के मोहगांव के पास मंगलवार रात एक बस और कार की जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब 30 लोग घायल हुए हैं। इनमें 15 घायलों की स्थिति गंभीर बताई गई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया है। नौ घायलों का पिपरिया अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके की स्थिति का जायजा लेने अस्पताल पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से गंभीर घायलों को आगे के इलाज के लिए भेजा गया। बताया गया है कि दुर्घटना के वक्त बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे।
बस में सवार यात्री मनीष ठाकुर ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बस तेज गति से चल रही थी और चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। कार से टक्कर के बाद बस की गति और बढ़ गई जिसके चलते वह पलट गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से निकल गया।
यह भी पढ़ें:शिवपुरी में 10 दिन में एक ही परिवार में 4 बच्चों की मौत, सिंध नदी में नहाने के बाद शुरू हुआ मौत का खेल
बीएमओ राजकुमार देजवार के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल यात्रियों के हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं। रेफर किए गए घायलों में पचमढ़ी के पुरुषोत्तम (59), सुमित (38), सुलेखा (37), मनीष (19), करण (56), चेतना (6) और पुष्पा (36) शामिल हैं।
इसके अलावा भोपाल की सुलेखा (45), श्रीधाम की रज्जो (50), मटकुली के अनिल (42), पिपरिया की पार्वती (47), जबलपुर के छोटेलाल (50), केशला के ललित (35) और कार चालक श्वेतांक राय को भी गंभीर चोटों के कारण रेफर किया गया है।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी मदन पवार ने बताया कि पटेरिया बस (जिसका नंबर एमपी 05 पीओ 282 है) और कार की आपस में टक्कर हुई थी। टक्कर के बाद बस पलट गई। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में कमर्शियल सीलिंग के खिलाफ व्यापारियों का प्रदर्शन, थाली-डमरू बजाकर किया विरोध
हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम आकिप खान, विधायक ठाकुरदास नागवंशी, कांग्रेस नेता हरीश बेमन, समाजसेवी मनीष पलिया, तहसीलदार वैभव बैरागी और नायब तहसीलदार श्याम सिंह तारे अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के इलाज और गंभीर मरीजों को दूसरे अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस समेत जरूरी व्यवस्थाएं कराईं। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और बस चालक पर लगाए गए लापरवाही के आरोपों की जांच कर रही है।