रतलाम जिले के जावरा में दुल्हन की हत्या करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने महज 5 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। रतलाम पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए चारों तरफ से नाकेबंदी करवाई। पुलिस अधीक्षक खुद घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने के लिए पेट्रोलिंग शुरू की। CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन और गाड़ी नंबर से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में कामयाब हुई। एसपी गौरव तिवारी ने प्रेस वार्ता करके जानकारी दी है कि हत्या के आरोपी पवन पांचाल और राम यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी रतलाम के रहने वाले हैं। जबकि मृतक 34 वर्षीय सोनू शाजापुर की रहने वाली थी। उसकी शादी नागदा के गौरव जैन से होने वाली थी।

दरअसल शाजापुर निवासी सोनू ऊर्फ रूचिका यादव के रिश्तेदार जावरा में रहते हैं। जहां उसका अक्सर आना जाना था, आरोपी मृतक के रिश्तेदार का पड़ोसी था। वहीं किसी शादी समारोह के दौरान सोनू और पवन पांचाल का अफेयर हो गया। जब सोनू की शादी की बात उसे पता चली तो वह आपना आपा खो बैठा और प्रेमिका की हत्या का मन बना लिया।  

दुल्हन सोनू रविवार को जब मेकअप कराने के लिए ब्यूटी पार्लर पहुंची। तभी उसके प्रेमी पवन पांचाल ने उसे फोन लगाया और उससे मिलने अपने दोस्त के साथ उस पार्लर पहुंच गया। प्रेमी ने धारदार हथियार से दुल्हन की गला काटकर हत्या कर दी थी। इस सनसनी खेज वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल कर ली है। गौरतलब है कि जावरा में दुल्हन की हत्या में शामिल दोनों आरोपियों के संबंध विश्व हिंदू परिषद से हैं।