भोपाल। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में जश्न का माहौल है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस जीत का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की रणनीतिक नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक समन्वय और दतिया की जनता के कांग्रेस पर जताए गए विश्वास को दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि पूरे चुनाव अभियान के दौरान दिग्विजय सिंह ने संगठन को एकजुट रखने, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू कराने में अहम भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में पार्टी ने बूथ स्तर तक मजबूत रणनीति बनाई, जिसका परिणाम कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह की ऐतिहासिक जीत के रूप में सामने आया।
इस दौरान भोपाल स्थित दिग्विजय सिंह के आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की एकजुटता, दिग्विजय सिंह के नेतृत्व और जनता के विश्वास की जीत बताते हुए कहा कि यह परिणाम प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण संदेश है।
बता दें कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6056 वोटों से शिकस्त दी है। खास बात ये है कि पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ नंबर 121 पर कांग्रेस को 291, भाजपा को 264 वोट मिले हैं। इस तरह इस बूथ पर कांग्रेस को 27 वोटों की बढ़त हासिल हुई।