नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में आज रविवार को इंडिया ब्लॉक की महारैली हुई। इस दौरान कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, अखिलेश और ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने उपस्थित जनसैलाब को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 का चुनाव अवैध है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि CEC ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे। साथ ही यह भी कहा कि पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा, 'मैं आपको बता रहा हूं, बेचारे ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पाते। मुझे बुरा लगता है कि ज्ञानेश कुमार डरे हुए हैं और रात को सो नहीं पाते। लेकिन उन्होंने सबसे बड़ा जुर्म किया है, देश की आवाज और आत्मा को दबाने की कोशिश की है। राहुल गांधी ने कहा कि न तो मोदी, न ही शाह, वो भी सो नहीं पा रहे। हम नफरत या दुश्मनी वाले लोग नहीं हैं। हम प्यार करने वाले लोग हैं। हम इस देश में प्यार और भाईचारा वापस लाना चाहते हैं। यह प्रोटेस्ट किसी एक पार्टी या नेता का नहीं है। यह एक साथ किया गया प्रोटेस्ट है। यह भारत का प्रोटेस्ट है, भारत की आवाज है।'

राहुल गांधी ने कहा, 'मैं आपको बताता हूं कि मोदी कहीं नहीं जा सकते, जाना भी चाहें तो हम कहीं नहीं जानें देंगे। ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके सामने खड़े होने जा रहे। आपने जो वोट चोरी की है उसके खिलाफ लीगल कार्यवाई होगी। देश को न्याय मिलेगा।' राहुल ने ये भी कहा कि आपने अडाणी को जो देश बेचा है, उसका बदला लेंगे। आपको भागने नहीं देंगे, आप यहीं के यहीं रहोगे। कार्रवाई होकर रहेगी।

राहुल गांधी ने कहा, 'आपने देश को एक मैसेज भेजना था, मोदी शाह को आपने मैसेज भेजा है। यह किसी पार्टी की आवाज नहीं, ये सिर्फ नेताओं की आवाज नहीं। ये आवाज कह रही ह कि हम लोकतंत्र को देश से खत्म नहीं होने देंगे। हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे। आपके पास जितना भी पैसा या पॉवर है, आप संविधान से बड़े नहीं हो।' राहुल ने ये भी कहा कि सालों से इस देश में वोट चोरी हो रही है। ममता ने बंगाल का उदाहरण दिया, एमपी हरियाणा छत्तीसग़ढ, महाराष्ट्र कर्नाटक और 2024 की लोकसभा सारे चुनावों में वोट चोरी हुई है।

इस दौरान सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा, 'जो लोग कभी यूपी से आए थे, वो यूपी से ही जाएंगे। यूपी वाले स्वागत अच्छा करते हैं तो विदाई भी अच्छी करते हैं। 2027 में विदाई तय है। ये राम जी की लीला का मैदान है। जो पापी है उसका नाश होता है। राम जी के सामने वो पापी बचने वाले नहीं। जिन्होंने चंदा चोरी की है, जिन्होंने चढ़ावा चोरी की उनका नाश नहीं, सर्वनाश होगा।'