भोपाल। NEET PG-2026 में City Choice बहाल करने की मांग तेज हो गई है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को पत्र लिखा है। सिंह ने NEET PG-2026 परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र चयन प्रक्रिया में बदलाव की मांग की है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री को संबोधित पत्र में दिग्विजय सिंह ने कहा है कि देशभर के अनेक अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों ने उन्हें अवगत कराया है कि NBEMS द्वारा जारी अधिसूचना में इस वर्ष परीक्षा केंद्र के लिए पसंदीदा शहर (City Choice) के स्थान पर केवल तीन राज्यों का चयन करने का विकल्प दिया गया है। पूर्व वर्षों में अभ्यर्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार शहर चुनने का अवसर मिलता था।
उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को उसके निवास स्थान से सैकड़ों किलोमीटर दूर किसी अन्य शहर में परीक्षा केंद्र आवंटित होता है, तो उसे अतिरिक्त यात्रा, आवास एवं अन्य खर्चों के साथ-साथ मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ेगा। इसका सबसे अधिक प्रभाव आर्थिक रूप से कमजोर तथा ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों पर पड़ेगा।
दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की योग्यता का निष्पक्ष मूल्यांकन होना चाहिए, न कि उन्हें व्यवस्थागत कठिनाइयों के कारण अनावश्यक मानसिक एवं आर्थिक दबाव में डालना।
उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए NBEMS को निर्देशित किया जाए कि NEET PG-2026 में परीक्षा केंद्र चयन के लिए राज्य के बजाय पसंदीदा शहर चुनने का विकल्प पुनः उपलब्ध कराया जाए, ताकि लाखों अभ्यर्थियों को अनावश्यक कठिनाइयों से राहत मिल सके और वे बेहतर वातावरण में परीक्षा दे सकें।