रीवा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के रीवा दौरे के दौरान नशे की समस्या को लेकर विरोध का एक मामला सामने आया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में डॉ. प्रतिभा सिंह कोरेक्स सिटी में आपका स्वागत है लिखा पोस्टर लेकर पहुंची। मंच के सामने पोस्टर दिखाते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया गया। इस कार्रवाई के बाद महिला ने सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाना भी अब लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार नहीं किया जा रहा है।
प्रतिभा सिंह पेशे से डॉक्टर बताई जा रही हैं। उन्होंने अपने पोस्टर के जरिए रीवा मे खुलेआम बिक रहे नशीले पदार्थों और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान खींचने की कोशिश की। उनका कहना था कि रीवा की पहचान अब कोरेक्स सिटी के रूप में बनती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इंटरनेट पर कोरेक्स सिटी ऑफ इंडिया सर्च करने पर भी रीवा का नाम सामने आता है।
महिला ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विषय लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ था। इसी संदर्भ में उन्होंने पोस्टर पर मुख्यमंत्री का स्वागत कोरेक्स सिटी के नाम से किया था। उनका आरोप है कि शहर में जगह जगह कोरेक्स की बिक्री खुलेआम हो रही है और बड़ी संख्या में युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। प्रतिभा सिंह ने इसके लिए शासन, प्रशासन और सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
पुलिस कार्रवाई के बाद प्रतिभा सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक तरफ लोकतंत्र बचाने और अराजकता खत्म करने की बात करते हैं लेकिन दूसरी तरफ जनता को अपनी समस्याएं और विरोध जाहिर करने की आजादी नहीं दी जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि लोकतंत्र में अपनी बात रखना नागरिकों का अधिकार है तो नशे जैसी गंभीर सामाजिक समस्या को उठाने पर उन्हें हिरासत में क्यों लिया गया?
इस पूरे घटनाक्रम पर सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान एक महिला को शांति भंग करने की स्थिति में पकड़ा गया है। उसे हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक, महिला नशे के खिलाफ पोस्टर प्रदर्शित कर रही थी।