भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा में भीषण गर्मी पड़ रही है। नौतपा के तीसरे दिन सोमवार को सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर हैं। भोपाल में सुबह साढ़े 5 बजे ही पारा 33 डिग्री रहा था। सुबह 8.30 बजे यह 35.4 डिग्री पर आ गया, जबकि दोपहर ढाई बजे 44 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल से सटे सीहोर में दोपहर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। दोपहर में सागर में 46.2 डिग्री, ग्वालियर में 44.5 डिग्री तापमान रहा।
रतलाम, धार-राजगढ़ में आज लू का रेड अलर्ट है। यहां तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच सकता है। जबकि इंदौर, उज्जैन, भिंड, शिवपुरी, गुना, निवाड़ी टीकमगढ़ व अन्य जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट है। यहां तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच सकता है। इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, मुरैना, दतिया विदिशा सागर में लू का येलो अलर्ट है। प्रदेश के 46 जिलों में गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है।
इससे पहले रविवार को भी राजगढ़, शाजापुर, निवाड़ी, सागर, गुना, खजुराहो और सीहोर जिले सबसे गर्म रहे, जहां पारा 46 डिग्री के पार रहा। भोपाल-सागर में तो 10 साल में दूसरी बार टेम्प्रेचर सबसे अधिक रहा। रविवार को राजगढ़ पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां टेम्प्रेचर 46.8 डिग्री पहुंच गया।
राजगढ़ से सटे शाजापुर जिले में भी भीषण गर्मी रही। शाजापुर में 46.6 डिग्री, पृथ्वीपुर निवाड़ी में 46.5 डिग्री, सागर-गुना में 46.2 डिग्री, खजुराहो-सीहोर में 46 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर में 43.3 डिग्री, ग्वालियर में 45.6 डिग्री, जबलपुर में 43.4 डिग्री और उज्जैन में पारा 43.7 डिग्री दर्ज किया गया। खरगोन, शिवपुरी, नौगांव, खंडवा, दमोह और टीकमगढ़ में पारा 45 डिग्री के पार ही रहा।
भीषण गर्मी को देखते हुए शासन-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से लू से बचाव के लिए सावधानियां बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी में जरूरमंद लोगों को अपने जल स्रोतों से जल उपलब्ध कराएं, जो भी लोग कठिनाई में हैं, उनकी मदद करें। साथ ही बहुत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।