भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार पर विधानसभा में पूछे गए प्रश्नों की जानकारी छिपाने के आरोप लगे हैं। पूर्व मंत्री व राघौगढ़ से कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने इसे लेकर चिंता जताई है। सिंह ने सीएम मोहन यादव को पत्र लिखकर कहा कि यह समस्या केवल उनके प्रश्न तक सीमित नहीं है, बल्कि सैकड़ों विधायकों के प्रश्नों की जानकारी भी छुपाई जा रही है।
विधानसभा में तारांकित प्रश्न क्रमांक 2926 के उत्तर को लेकर विधायक जयवर्धन सिंह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और राज्य के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सचिवालय में संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि राजस्व विभाग ने केवल लिखित उत्तर भेजा, लेकिन पुस्तकालय जानकारी प्रेषित नहीं की, जिससे प्रश्नकर्ता को पूरी जानकारी नहीं मिल सकी।
यह भी पढ़ें: मंत्री प्रतिमा बागरी की जाति प्रमाण पत्र को कांग्रेस ने बताया फर्जी, कैबिनेट से बर्खास्त करने की मांग
जयवर्धन सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि यह समस्या केवल उनके प्रश्न तक सीमित नहीं है, बल्कि सैकड़ों विधायकों के प्रश्नों की जानकारी भी छिपाई जा रही है, जिससे सदन में जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे संसदीय परंपराओं एवं सदन की अवमानना करार देते हुए इस पर कड़ी आपत्ति जताई।
उन्होंने मुख्यमंत्री, संसदीय कार्यमंत्री और मुख्य सचिव से मांग की कि राजस्व विभाग की इस हठधर्मिता एवं उदासीनता के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की जाए और प्रश्नकर्ताओं को बिना विलंब के पुस्तकालय में जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जयवर्धन सिंह ने कहा कि सदन की गरिमा बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है, इसलिए इस मामले में तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।