भोपाल। शहर के एमपी नगर स्थित प्रतिष्ठित मिलन स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट पर रविवार सुबह आयकर विभाग ने सर्वे कार्रवाई की। इनकम टैक्स की इन्वेस्टिगेशन टीम पुलिस के साथ अचानक रेस्टोरेंट पहुंची और वहां मौजूद दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, कार्रवाई सेल कम दिखाकर टैक्स चोरी की आशंका को लेकर की गई।

सुबह टीम के पहुंचते ही रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और आयकर अधिकारियों की मौजूदगी के कारण आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग को रेस्टोरेंट के वित्तीय रिकॉर्ड और टैक्स से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी की सूचना मिली थी। जिसके बाद यह सर्वे शुरू किया गया।

सूत्रों के अनुसार, टीम रेस्टोरेंट के आयकर रिटर्न से जुड़े रिकॉर्ड, बिलिंग और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही संचालक से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि कहीं वास्तविक कारोबार की तुलना में कम बिक्री दिखाकर कर चोरी तो नहीं की गई है। फिलहाल आयकर विभाग की टीम रेस्टोरेंट परिसर में मौजूद है और जांच प्रक्रिया जारी है। दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

गौरतलब है कि जून 2024 में इसी रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई थी। आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने के लिए एक दर्जन से अधिक दमकल वाहनों को मौके पर बुलाना पड़ा था। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका था। इस घटना में रेस्टोरेंट को भारी नुकसान हुआ था और बड़ी मात्रा में मिठाइयां व अन्य खाद्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई थी। बताया गया था कि आग की वजह से कई जरूरी दस्तावेज भी जल गए थे।