इंदौर। शुक्रवार को नगर निगम, पुलिस प्रशासन ने तीन इलाकों पर अवैध निर्माण पर कार्रवाई की। महावर नगर, बापू नगर और महादेव नगर में तीन टीमों ने अवैध निर्माणों पर बुल्डोजर चलाया। जिनके अवैध निर्माण गिराए गए वे नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करते नजर आए।

नगर निगम ने अन्नापूर्णा रोड स्थित महावर नगर में रिंकू उर्फ रूपेश चौधरी का अवैध मकान जमींदोज किया। दो मंजिला मकान गिरते देख एक बुजुर्ग महिला खुद को सम्हाल नहीं सकीं और जोरजोर से रोने लगीं। गौरतलब है कि रिंकू उर्फ राकेश चौधरी पर करीब 20 मामले दर्ज है, जिनमें 307, अवैध वसूली, आबकारी, लूट के मामले भी शामिल हैं। आरोप है कि रिंकू ने यहां सरकारी पट्टे की ज़मीन पर अवैध कब्जा करके दो मंजिला मकान बना लिया था।

नगर निगम की टीम ने इंदौर के महावर नगर इलाके में भी कार्रवाई की। यहा सत्यनारायण का दो मंजिला मकान गिरा दिया। सत्यनारायण ने पार्क में अवैध कब्जा करके मकान बनाया था। टीम ने पहले मकान खाली करवाया उसके बाद जेसीबी की मदद गिरा दिया। नगर निगम ने बापू नगर वीर सावरकर नगर वार्ड में भी कार्रवाई की। यहां कालू के 30 फीट में अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया। गौरतलब है कि इंदौर पुलिस शहर में 15 अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की है।