इंदौर। मध्य प्रदेश में बुधवार को रंगपंचमी का धूम है। प्रदेशभर में हर्षोल्लास के साथ रंगपंचमी मनाया जा रहा है। इंदौर में रंगपंचमी की गेर दौरान एक हादसा हो गया। यहां गेर की ट्रैक्टर ने एक शख्स को कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के कारण सीएम मोहन यादव ने गेर में शामिल होने का प्रोग्राम कैंसिल कर दिया है।

बताया जा रहा है कि गेर निकालने के दौरान राजवाड़ा के पास ही ट्रैक्टर का पहिया 45 वर्षीय शख्स के पेट के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की जेब में केवल 150 रुपए मिले हैं। कोई मोबाइल अथवा आईडी कार्ड नहीं थी इसलिए पहचान नहीं हो पाई है। 

हादसे की जानकारी मिलते ही सीएम डॉ. मोहन यादव ने गेर में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया। सीएम ने मृतक के परिवार 4 लाख रुपए देने की घोषणी भी की है। सीएम यादव ने कहा कि रंगपंचमी के अवसर पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मैं आज इंदौर के विश्वप्रसिद्ध गेर कार्यक्रम में शामिल होने आया था। परंतु यहां गेर उत्सव के दौरान एक दुखद घटना हुई है, जिसमें एक बंधु ट्रैक्टर से टक्कर में घायल हो गया था जिसका इलाज के दौरान निधन का दुखद समाचार मिला है। इस हादसे के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए, मैं अपने इंदौर में रंगपंचमी के कार्यक्रम को स्थगित करता हूँ।

फाग यात्रा में अचानक एक शख्स की तबीयत बिगड़ गई, उसे तुरंत एम्बुलेंस में बैठाया गया। हजारों लोगों की भीड़ ने रास्ता देकर कुछ ही मिनट में एम्बुलेंस को बाहर निकाला। वहीं, गेर में तीन अन्य लोग के घबराहट से बेहोश होने की भी सूचना मिली है।

इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने दावा किया कि गेर में अभी पांच लाख से ज्यादा लोग शामिल हो हुए हैं। उन्होंने कहा कि यूनेस्को में शामिल होने का हमारा दावा तभी मजबूत होगा जब हम शालीनता, महिलाओं की सहभागिता और सुरक्षित तरीके से गेर निकालेंगे। गेर देखने यूनेस्को की टीम भी इंदौर पहुंची हुई है।

75 साल से चले आ रहे इस पारंपरिक आयोजन में फाग यात्रा में झांकियां भी शामिल की गई हैं। ब्रज की लठ्ठमार होली, रासरंग, श्रीकृष्ण की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाला है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरी गेर पर नजर रखी जा रही है।