एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली देवास की जुजुत्सु खिलाड़ी रोहिणी कलम ने सुसाइड कर लिया। रविवार को 35 वर्षीय रोहिणी का शव उनके देवास स्थित घर में फंदे से लटका मिला। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

रोहिणी अपने परिवार के साथ देवास के अर्जुन नगर राधागंज में रहती थीं। वह आष्टा के एक निजी स्कूल में मार्शल आर्ट कोच के रूप में कार्यरत थीं। शनिवार को ही वह आष्टा से देवास स्थित अपने घर आईं थीं।परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह तक सब सामान्य था। परिवार के साथ नाश्ता करने के बाद रोहिणी के पास एक फोन आया। उसके बाद वह कमरे में चली गईं और काफी देर तक बाहर नहीं निकलीं।

परिजन जब दरवाजा खोलने गए तो पता चला कि उन्होंने खुदकुशी कर ली है। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। रोहिणी अपने चार बहनों में सबसे बड़ी थीं। रोहिणी की छोटी बहन रोशनी ने पुलिस को दिए बयान में कुछ परेशानियों का जिक्र किया है। रोशनी ने बताया कि रोहिणी आष्टा के एक निजी स्कूल में मार्शल आर्ट कोच के पद पर काम कर रही थीं और स्कूल की ओर से वह कुछ परेशान चल रही थीं।

रोहिणी कलम ने हांगझोऊ में हुए 19वें एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वह बर्मिंघम में आयोजित विश्व खेलों के लिए चुनी जाने वाली एकमात्र भारतीय खिलाड़ी थीं। उन्होंने एशियाई जुजुत्सु चैंपियनशिप में भारत के लिए कई पदक जीते थे। उन्होंने 2022 में बैंकॉक में आयोजित थाईलैंड ओपन ग्रैंड प्रिक्स में 48 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया था। इसके अलावा 2024 में अबू धाबी में हुई 8वीं एशियाई जुजुत्सु चैंपियनशिप में भी उन्होंने युगल क्लासिक स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। वह सऊदी अरब में हुए कॉम्बैट गेम्स के लिए भी क्वालीफाई कर चुकी थीं।