जबलपुर। सिहोरा थाना इलाके में मझौली लिंक रोड पर बने ओवरब्रिज से एक कार बेकाबू होकर बीस फीट नीचे गिर गई। हादसा नेशनल हाइवे 30 पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार स्कार्पियो का एक्सीडेंड हो गया। जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो कार सवार यात्रियों की हालत नाजुक है।

दरअसल सिहोरा के रूप सिंह ठाकुर के यहां पोता पैदा होने की खुशी में उनके यहां रविवार को पार्टी रखी गई थी।पार्टी खत्म होने के बाद उनका बेटा कुछ मेहमानों को छोड़ने गया था। तभी उनकी कार ओवर ब्रिज में लगी रेलिंग को तोड़ती हुई नीचे जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर सीहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डाक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान शेखर सिंह ठाकुर, अखिलेश सिंह ठाकुर और शनि पटेल के रूप में हुई है। वहीं सोनू गुप्ता और रिंकू सोनी गंभीर घायल है।

एक घायल की हालत नाजुक है जिसे सिहोरा सिविल अस्पताल से जबलपुर मेडिकल रेफर किया गया है। वहीं तीनों शवों के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया हैं। घर में छाई खुशियां मातम में बदल गई। वहीं सीहोरा पुलिस हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।